पनियाड़ में ढाबे पर चली गोलियां, पुरानी रंजिश ने लिया खूनी रूप

SHARE:

रावी न्यूज गुरदासपुर
दीनानगर क्षेत्र के गांव पनियाड़ में देर शाम उस समय सनसनी फैल गई जब एक ढाबे पर अचानक गोलियां चलने और तेजधार हथियारों से हमला किए जाने की घटना सामने आई। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया, जबकि घायल युवकों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
            मिली जानकारी के अनुसार गांव पनियाड़ निवासी इकबाल सिंह तथा अमृतपाल सिंह पुत्र बलबीर सिंह गांव में ढाबा चलाते हैं। बताया जा रहा है कि देर शाम एक कार में सवार होकर दो युवक ढाबे पर पहुंचे और आते ही हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने बिना किसी बहस के फायरिंग शुरू कर दी, जिससे ढाबे पर काम कर रहे वरुण सैनी उर्फ गुगु की बाजू में गोली लग गई। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना यहीं नहीं रुकी। हमलावरों ने ढाबे के मालिक अमृतपाल सिंह पर भी तेजधार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए घायलों को तुरंत उपचार के लिए गुरदासपुर के अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही थाना दीनानगर के प्रभारी सुरेंद्र पाल सिंह पुलिस पार्टी सहित मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है ताकि हमलावरों की पहचान और वारदात के पीछे की पूरी साजिश का पता लगाया जा सके। स्थानीय लोगों के अनुसार हैप्पी ढाबा के नजदीक ही एक अन्य ढाबा है, जिसे राजा और साहिब निवासी हरदोछनी चलाते हैं। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच काफी समय से किसी बात को लेकर तनातनी चली आ रही थी। प्रारंभिक जांच में इसी पुरानी रंजिश को हमले का कारण माना जा रहा है। घायल पक्ष ने राजा और साहिब पर हमला करवाने के आरोप लगाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को बेहद गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस की निगरानी भी बढ़ा दी गई है।
Raavi Voice
Author: Raavi Voice

Leave a Comment

और देखें