रावी न्यूज
गुरदासपुर। नशा खत्म करने के लिए पंजाब सरकार और पुलिस जहां कई सख्त कदम उठा रही है वहीं दूसरी तरफ गुरदासपुर में नशा के लिए बदनाम हो चुके मोहल्ला इस्लामबाद के लोग नशेड़ियों से खासे परेशान दिखाई दे रहे हैं।
मोहल्ला निवासियों ने कथित तौर पर पुलिस प्रशासन पर नशेड़ियों के खिलाफ कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि समय समय पर पुलिस द्वारा कासो आपरेशन चलाकर उनके मोहल्ले में तलाशी अभियान चलाया जाता है लेकिन आज तक न तो पुलिस ने कभी मौके पर किसी को गिरफ्तार किया है और न ही कभी उन्हें जहां से नशा बरामद हुआ है। जबकि रोजाना शाम ढलते ही मोहल्ले के चौराहों पर नशा बेचने और नशा करने वालों की टोलियां बन जाती हैं। जिससे मोहल्ला निवासी काफी परेशान हैं उन्होंने कहा कि इन नशेड़ियों के डर से महिलाओं का घर से निकलना मुश्किल हुआ पड़ा है अगर कोई नशेड़ियों को रोकता है तो वह आगे से उन्हें धमका देते हैं उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि नशेड़ियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
मोहल्ले के निवासियों ममता, दलविन्दर, रजनी, शम्मी, शशि, कांता आदि ने बताया कि शाम ढलते ही उनके गली मोहल्लों में नशा करने वाले एकत्र होने शुरू हो जाते हैं और सरेआम इंजेक्शन भरकर नशा करते हैं और फिर नशे में धुत्त होकर यहीं पड़े रहते हैं। जबकि उनके घरों की लड़कियों और महिलाओं का शाम को घर से निकलना मुश्किल हो गया है। अगर मोहल्ले के लोग उन्हें ऐसा करने से रोकते हैं तो वो उल्टा उनसे गाली गलौज करते हैं और जान से मारने की धमकियां देते हैं। इस संबंधी कई बार पुलिस को सूचित भी किया जाता है लेकिन पुलिस कर्मचारी मोहल्ले का चक्कर लगाकर चले जाते हैं। पहले यह लोग जहां सिर्फ नशा ही करते थे लेकिन अब यह लोग चोरियां करने पर भी उतर आये हैं जिस कारण मोहल्ले में ही एक सप्ताह में दो चोरियां हो चुकी हैं।
मोहल्ला के महिला पार्षद के पति अशोक भुट्टों ने कहा मोहल्ला इस्लामाबाद नशे को लेकर इतना बदनाम है फिर भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती। शाम ढलते ही उनके मोहल्ले में नशा बेचने वाले और नशा करने वाले जमा होने शुरू हो जाते हैं। अगर मोहल्ला निवासी उनका विरोध करते हैं तो नशेड़े उन्हें गंदी गालियां निकालते हैं और झगड़ा कर पर उतारू हो जाते हैं जिस कारण मोहल्ला निवासी भी परेशान हैं। उनके द्वारा खुद कई बार पुलिस को नशेडियों के बारे में सूचना दी जाती है लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती। आज भी उन्होंने मौके पर खड़े होकर थाना सिटी प्रभारी, डीएसपी सिटी और एसएसपी को फोन किया लेकिन इन तीनों में से किसी ने फोन तक नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि अगर मोहल्ला निवासी या फिर वो अगर कोई नशा करने वाले या बेचने वाले को पकड़कर पुलिस के हवाले करते हैं तो पुलिस अगले ही दिन उसे छोड़ देती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उनके मोहल्ले को नशा मुक्त बनाया जाये और नशा करने व बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाये।







