रावी न्यूज श्री हरगोबिंदपुर
शिरोमणी अकाली दल के अध्यक्ष सरदार सुखबीर सिंह बादल ने आज मांग करते हुए है कि आम आदमी पार्टी के मंत्रियों द्वारा पिछले 4 सालों के दौरान किए गए सभी गैरकानूनी लाभों की सी.बी.आई जांच की जानी चाहिए।
पार्टी की पंजाब बचाओ अभियान के तहत अकाली दल अध्यक्ष ने हलका इंचार्ज राजनबीर सिंह के साथ एक विशाल रैली को संबोधित किया। उन्होने कहा कि पूर्व परिवहन मंत्री लालजीत भुल्लर की हालिया भ्रष्ट गतिविधियां सामने आई हैं, जबकि आप ने अन्य मंत्री और नेता भी इसी तरह के भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। उन्होने कहा,‘‘ केवल सीबीआई की स्वतंत्र जांच ही घोटालों को उजागर कर सकती है उन्हें लालजीत भुल्लर की तरह गैरकानूनी रूप से अर्जित धन के लिए जवाबदेह ठहराया जा सकता है।’’
सरदार सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि पूर्व परिवहन मंत्री लालजीत भुल्लर ने पंजाब राज्य भंडारण निगम के जिला प्रबंधक डाॅ. गगनदीप सिंह रंधावा को 50 हजार मीट्रिक टन अनाज भंडारण की सुविधा आवंटित करने के लिए पीटा गया और अपमानित किया गया। जिसमें से वह 20 हजार मीट्रिक टन गोदाम आवंटित करवाने में कामयाब रहे। ये गोदाम उनके पिता के नाम पर हैं इसीलिए उन्हें इनसे प्रति माह 20 लाख रूपये का किराया मिलेगा।
अकाली दल अध्यक्ष ने डाॅ रंधावा की मौत की सीबीआई जांच बिना किसी देरी के शुरू करने की मांग की, जैसा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आश्वासन दिया था और साथ ही मामले में लालजीत भुल्लर के पिता और पी.ए सहित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जानी चाहिए।
सरदार बादल ने आगामी गेंहू की फसल की खरीद के लिए जरूरी व्यवस्था करने में आप सरकार की नाकामी के बारे में बोलते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार को गेंहू की खरीद के बारे में पूरी तरह से जानकारी नही है जो 1 अप्रैल से शुरू होने वाली है जो आज से सिर्फ तीन दिन बाद ही शुरू हो जाएगी।
सरदार बादल ने कहा,‘‘ सरकार ने खुद स्वीकारा है कि आगामी गेंहू की फसल के भंडारण के लिए आवश्यक 2 करोड़ रूपये की बोरियां और 22 लाख मीट्रिक टन भंडारण क्षमता की कमी है। मैं मुख्यमंत्री भगवंत मान से पूछना चाहता हूं कि पिछले दो महीनों में उन्होने अरविंद केजरीवाल की सेवा में घटिया हथकंडे अपनाने और हवाई जहाजों में घूमने के अलावा क्या किया है?’’
सरदार बादल ने बताया कि कैसे पूर्व मुख्यमंत्री सरदार परकाश सिंह बादल दो महीने पहले ही सब कुछ व्यवस्थित कर देते थे।
अकाली दल अध्यक्ष ने यह भी कहा कि भगवंत मान गुजरात में झूठ बोल रहे हैं । उन्होने कहा कि आज गुजरात में आम आदमी पार्टी के लिए प्रचार करते हुए मुख्यमंत्री ने दावा किया कि आप पार्टी ने पिछले चार सालों में पंजाब में हर 4 किलोमीटर पर मंडियां बनवाई हैं। उन्होने कहा,‘‘ सच्चाई यह है कि जिन मंडियों के बारे मान बात कर रहे हैं वे अकाली दल द्वारा स्थापित की गई हैं। नई मंडियां बनवाना तो बहुत दूर की बात है, उनकी सरकार ने तो उन मंडियों की मरम्मत भी नही करवाई।’’
राज्य के लिए अपने दृष्टिकोण के बारे में बात करते हुए सरदार बादल ने कहा कि राज्य के प्रत्येक जिले में एक मेडिकल और पशु चिकित्सा काॅलेज स्थापित किया जाएगा। उन्होने एक वल्र्ड स्किल यूनिवर्सिटी स्थापित करने की घोषणा की जिससे एक लाख नौजवानों को कौशल प्राप्त होगा और प्रत्येक जिले में इसके सेंटर खोले जाएंगें। अकाली दल अध्यक्ष ने घोषणा की कि नौजवानों को 10 लाख का ब्याज मुक्त कर्जा दिया जाएगा साथ ही आटा-दाल योजना को दोबारा शुरू किया जाएगा और बुढ़ापा पेंशन को बढ़ाकर 3100 रूपये प्रति माह और शगुन भत्ता को बढ़ाकर 1 लाख रूपये कर दिया जाएगा। उन्होने डेयरी और अन्य पशुपालन उद्योग खोलने के लिए 75 फीसदी सब्सिडी देने की घोषणा की है। इस रैली में अन्य वरिष्ठ नेताओं में स. बिक्रम सिंह मजीठया, सुच्चा सिंह लंगाह, लखबीर सिंह लोधीनंगल और कैप्टन बलबीर सिंह बाठ ने भी संबोधित किया।






